प्रदेश में गेंहू से पहले चने की खरीदारी होगी शुरू ,1 फरवरी से पंजीयन
भोपाल
मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों (Farmers) को बड़ी राहत दी है| इस बार गेंहू से पहले चने की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू हो जाएगी। कृषि मंत्री कमल पटेल के निर्देश पर सोमवार से पंजीयन (Registration) की शुरुआत हो जायेगी। कृषि मंत्री ने कहा किसानों को खरीद में विलंब के चलते अपनी उपज औने पौने दाम पर बेचने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
कृषि मंत्री कमल पटेल ने शुक्रवार शाम अपने निवास पर पत्रकारों से चर्चा में बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक कर चने की खरीद पहले शुरू करने के फैसले पर मोहर लगवा ली गई है। कृषि मंत्री कमल पटेल ने बताया कि गेहूं की खरीद खाद्य विभाग करेगा जबकि चना, मसूर और सरसों की खरीद के लिए विपणन संघ को नोडल एजेंसी बनाया गया है। कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि रबी की फसल में गेंहू और चना प्रमुख उपज हैं, छोटे और असिंचित भूमि के किसान चना ही उगाते हैं। चने की फसल गेंहू के पहले आ जाती है लेकिन समर्थन मूल्य पर खरीद की प्रक्रिया गेंहू के बाद मई- जून में शुरू होती है।
,1 फरवरी से पंजीयन
कृषि मंत्री ने कहा कि इस समय तक किसान अपनी अधिकतम उपज व्यापारियों को बेच चुके होते हैं, समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू नहीं होने से व्यापारी कम भाव पर चना खरीद लेते हैं इससे किसानों को नुकसान होता है। मंत्री कमल पटेल ने कहा कि वह खुद भी किसान है इसलिए हमने तय किया है कि इस वर्ष से चने की समर्थन मूल्य पर खरीद गेंहू से पहले शुरू कर दी जाएगी। कृषि मंत्री कमल पटेल ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं, इसके बाद चना उगाने वाले किसानों का पंजीयन,1 फरवरी से पंजीयन से शुरू किया जा रहा है।

पाठको की राय